कोरोना की वैक्सीन लगवाने वालों की इस देश में लगेगी लॉटरी, जीतने वालों को मिलेंगे करोड़ों रुपये
वैश्विक महामारी कोरोना वायरस से पूरी दुनिया प्रभावित है। लेकिन त्रासदी भरे हालात के बावजूद भी लोग कोरोना की वैक्सीन लगवाने से कतरा रहे हैं। हाल ही में उत्तर प्रदेश के एक गांव में वैक्सीन लगाने के लिए जैसे ही मेडिकल टीम पहुंची, तो वहां के सभी लोग नदी में कूद गए। हालांकि, दुनिया में एक जगह ऐसी भी है, जहां वैक्सीन लगवाने पर लॉटरी लग रही है।
दरअसल, कोरोना की वैक्सीन को लेकर जागरूकता फैलाने के लिए अमेरिका के ओहियो में लॉटरी सिस्टम के जरिए ईनाम देने का ऐलान किया गया है। ये स्कीम ओहियो के गवर्नर माइक डेविन के द्वारा लांच किया गया है। ओहियो में जो भी टीका लगवाएगा, वो इस लॉटरी में भाग ले सकता है।
'द गार्जियन' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, लॉटरी जीतने वाले सभी लोगों को 10 लाख डॉलर (करीब 7.2 करोड़ रुपए) दिए जाएंगे। माइक डेविन ने बताया कि करीब 27 लाख लोगों ने पहले हफ्ते की लॉटरी के लिए आवेदन कर दिया है। बता दें कि लॉटरी में शामिल होने के लिए दो कैटेगरी बनाई गई है। पहली कैटेगरी में ओहियो के मूल निवासी और 18 साल से अधिक उम्र वाले वयस्क आएंगे, जबकि 12 से 17 साल के युवाओं के लिए अलग लॉटरी सिस्टम रखा गया है।
दूसरी कैटेगरी में विजेता के लिए कोई कैश प्राइज नहीं है। इसमें 12 से 17 साल के युवाओं को चार साल की स्कॉलरशिप दी जाएगी। इन सभी लॉटरी योजनाओं का पैसा और खर्च ओहियो प्रशासन कोविड फंड में से करेगा।
बता दें कि कोरोना वैक्सीन की लॉटरी स्कीम अमेरिका में चर्चा का विषय बानी हुई है। 'न्यूयॉर्क टाइम्स' ने अपने एक लेख में इसे आकर्षित करने वाला विचार बताया। बता दें कि अमेरिका ने मास्क से मुक्ति का ऐलान कर दिया है। अमेरिका में ये रियायत इसलिए मिली है, क्योंकि उसने अपने 60 फीसदी आबादी को वैक्सीन की कम से कम एक डोज दे दी है।


Comments
Post a Comment